प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का अल्टीमेटम— अटल श्रीवास्तव सार्वजनिक माफी मांगें, वरना भाजपा करेगी आंदोलन
रायपुर। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के कथित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए विधायक से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक ने दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा का महिमामंडन किया है, जो नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों और पीड़ित परिवारों का अपमान है। उन्होंने कहा कि हिड़मा झीरम घाटी, ताड़मेटला और बीजापुर-सुकमा सहित कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। ऐसे व्यक्ति की तुलना महान विभूतियों से करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि एक ओर राज्य सरकार बस्तर में विकास कार्यों को गति देते हुए नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं के बयान नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दर्शाने वाले प्रतीत होते हैं। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व से पूछा कि क्या वे अपने विधायक के कथित बयान से सहमत हैं, और यदि नहीं, तो अब तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
भाजपा नेता ने कहा कि नक्सली हिंसा में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों की भावनाओं को इस तरह के बयान गहरी ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अटल श्रीवास्तव सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।