कोल्हेनझरिया पीएचसी में बवाल: लैब टेक्नीशियन पर अभद्रता के आरोप, नर्सों ने इमरजेंसी सेवा बहिष्कार की चेतावनी

Breaking Jashpur कोल्हेनझरिया पीएचसी में बवाल: लैब टेक्नीशियन पर अभद्रता के आरोप, नर्सों ने इमरजेंसी सेवा बहिष्कार की चेतावनी





अंकिरा/जशपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हेनझरिया में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कर्मियों (नर्सों) ने अस्पताल के एक लैब टेक्नीशियन पर अशोभनीय टिप्पणी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। असुरक्षित माहौल और भय के कारण नर्सों ने स्वास्थ्य विभाग छत्तीसगढ़ के अंतर्गत आने वाले खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) फरसाबहार को लिखित शिकायत सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे नाइट ड्यूटी एवं आपातकालीन सेवाओं (इमरजेंसी) का बहिष्कार करने को बाध्य होंगी।

ड्यूटी रूम और लैब में आपत्तिजनक स्थिति का आरोप

नर्सों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, ओपीडी समय समाप्त होने के बाद लैब टेक्नीशियन संजय कुर्रे को ‘स्टाफ नर्स ड्यूटी रूम’ और ‘लैब’ में अनुचित परिस्थिति में देखा गया। जब महिला कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी कथित तौर पर आक्रोशित हो गया।

शिकायत में उल्लेख है कि शुक्रवार दोपहर 2 से 5 बजे के बीच उसने उग्र व्यवहार करते हुए सभी को ‘देख लेने’ की धमकी दी। इसी दौरान एक नर्स पर सार्वजनिक रूप से अशोभनीय टिप्पणी कर अपमानित करने का भी आरोप है।

नाइट ड्यूटी में असुरक्षा का माहौल

पीड़ित नर्सों ने मीडिया को बताया कि अस्पताल में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। एक कर्मचारी के अनुसार, नाइट ड्यूटी के दौरान आरोपी बिना सूचना दिए उनके कमरे में प्रवेश कर गया, जिससे वे दहशत में आ गईं।

एक अन्य घटना में, जब दो नर्सें अस्पताल परिसर से बाहर जा रही थीं, तो आरोपी ने कथित रूप से अपनी गाड़ी उनके सामने रोक दी और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।

20 फरवरी 2026 को लंच ब्रेक के दौरान भी एक नर्स के साथ अभद्र व्यवहार और अनुचित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है।

‘चरित्र पर उठ रहे सवाल, अनहोनी का डर’

महिला कर्मचारियों का कहना है कि इन घटनाओं के कारण अस्पताल का कार्य वातावरण अत्यंत तनावपूर्ण और असहज हो गया है। उनका मानना है कि ऐसी घटनाओं से अन्य महिला कर्मचारियों की प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो नाइट ड्यूटी के दौरान कोई अप्रिय घटना घट सकती है।

बीएमओ ने कहा – “जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई”

मामले को लेकर जब बीएमओ से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच की जाएगी। महिला कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार की घटना को निंदनीय बताते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब क्षेत्रवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

Popular posts from this blog

विजयादशमी पर सागर सिंह का अद्भुत आयोजन – पिताजी की स्मृति में हुआ भव्य भंडारा, उमड़ा जनसैलाब 🔥

सागर सिंह का नगर पंचायत अध्यक्ष विनय शील को करारा जवाब

छत्तीसगढ़ में बड़ा सदमा: भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री बालक सिंह जी का निधन, राजनीति और समाज सेवा की दुनिया हुई शोकाकुल